देश में लगातार दूसरे दिन कोरोनावायरस संक्रमण के 800 से ज्यादा मामले आए। शुक्रवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 871 मरीज मिले। अकेले महाराष्ट्र में 210 नए केस मिले। इससे एक दिन पहले देश में 813 कोरोना पॉजिटिव मिले थे। महाराष्ट्र इस वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां संक्रमितों की संख्या में 27 दिन में 100 गुना से ज्यादा हो गई है। राज्य में 14 मार्च को कोरोना के 14 मरीज थे, जो 10 अप्रैल को 1 हजार 574 हो गए। यहां इस बीमारी से अब तक 110 लोगों की मौत हो चुकी है।
आज 4 राज्यों में 26 केस आए
राजस्थान मेंं 18, उत्तरप्रदेश-झारखंड में 3-3, जबकि महाराष्ट्र में 2 नए मामले सामने आए। अब देश में संक्रमितों की संख्या 7 हजार 626 हो गई है। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों के आंकड़ों के अनुसार हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 7 हजार 447 संक्रमित हैं। इनमें से 6 हजार 565 का इलाज चल रहा है। 643 ठीक हुए हैं और 239 की मौत हो चुकी है।